मुंबई/पुणे: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पिछले दिनों लगे भीषण जाम में फंसे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने घोषणा की है कि 3 फरवरी को हुए गैस टैंकर हादसे के कारण लगे जाम में फंसे सभी लोगों का टोल टैक्स वापस (रिफंड) किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को पुष्टि की कि फास्टैग के माध्यम से लिया गया पैसा सीधे वाहन मालिकों के खातों में वापस भेज दिया जाएगा।
क्या था पूरा मामला? 3 फरवरी को शाम करीब 5 बजे खंडाला घाट सेक्शन में अडोशी टनल के पास एक गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया था। गैस रिसाव के खतरे को देखते हुए सुरक्षा कारणों से यातायात रोक दिया गया था। यह जाम लगभग 33 घंटों तक जारी रहा, जिससे एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और लगभग 1 लाख से ज्यादा गाड़ियां फंस गई थीं। इस दौरान यात्रियों को भोजन, पानी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
रिफंड की प्रक्रिया: MSRDC के अधिकारियों के अनुसार, टोल वसूली रोकने का आदेश जारी होने के बावजूद तकनीकी कारणों से कुछ वाहनों से टोल वसूल लिया गया था। अब विभाग ने फैसला किया है कि कुल 5.16 करोड़ रुपये की राशि यात्रियों को वापस की जाएगी। यह कदम यात्रियों को हुई असुविधा की भरपाई के तौर पर देखा जा रहा है।