पर्यटन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। नई दिल्ली में आयोजित दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी ट्रैवल एवं टूरिज्म प्रदर्शनी ‘एसएटीटीई’ (SATTE) 2026 में मध्यप्रदेश को “बेस्ट स्टेट टूरिज्म” अवॉर्ड से नवाजा गया है। राज्य के लिए यह गौरव की बात है कि उसने लगातार दूसरे वर्ष इस प्रतिष्ठित पुरस्कार पर अपना कब्जा जमाया है।
यह पुरस्कार मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने एक भव्य समारोह के दौरान प्राप्त किया। विजेताओं का चयन उद्योग जगत के वरिष्ठ विशेषज्ञों और जूरी सदस्यों द्वारा गहन मूल्यांकन के बाद किया गया। पर्यटन सचिव डॉ. इलैया राजा टी. ने इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य में पर्यटन इको-सिस्टम को मजबूत करने और बुनियादी ढांचे में किए जा रहे सुधारों का परिणाम है। यह अवॉर्ड प्रमाणित करता है कि मध्यप्रदेश घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है।