भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने आगामी होली पर्व को ‘स्वच्छ और स्वस्थ होली’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। राज्य शासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस वर्ष होलिका दहन में लकड़ी के स्थान पर गाय के गोबर से बने उपलों (गो-काष्ठ) का अधिकाधिक उपयोग करें। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण की रक्षा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है।
शासन के निर्देशानुसार, सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रमों का जिला, तहसील और पंचायत स्तर पर निःशुल्क पंजीयन अनिवार्य किया गया है। जो संस्थाएं पूरी तरह गो-काष्ठ का उपयोग करेंगी, उन्हें जिला प्रशासन द्वारा प्रमाणित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से ऐसी उत्कृष्ट संस्थाओं को जिला स्तरीय समारोहों में प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा और भविष्य के सरकारी सहयोग में उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।