मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को नई दिल्ली से वर्चुअली जुड़कर मध्यप्रदेश में एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य पहल का आगाज किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में राज्यव्यापी एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत 14 से 15 वर्ष की लगभग 8 लाख किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निशुल्क टीका लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाजार में ₹4000 की कीमत वाला यह टीका सरकारी केंद्रों पर पूरी तरह मुफ्त मिलेगा।
इसी के साथ, बच्चों में बढ़ती मधुमेह की समस्या को देखते हुए ‘मिशन मधुहारी’ की भी शुरुआत की गई है। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भोपाल के डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल से इस अभियान का शुभारंभ किया। मिशन मधुहारी के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में साप्ताहिक क्लीनिक लगेंगे, जहाँ टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को निशुल्क इंसुलिन, जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी।