नई दिल्ली: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की पहली भारत यात्रा ने दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों में एक नई जान फूंक दी है। सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पीएम कार्नी के बीच उच्च स्तरीय द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस बैठक के बाद पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि यह मुलाकात आपसी भरोसे और सकारात्मकता के एक नए अध्याय की शुरुआत है।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पीएम कार्नी की उपलब्धियां प्रेरणादायक हैं और उनके आने से रिश्तों में नई ऊर्जा आई है। वार्ता के दौरान दोनों देशों ने कई महत्वपूर्ण समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए। कनाडा के पीएम मार्क कार्नी ने अपने संबोधन में पिछले एक साल के जुड़ाव को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह साझेदारी अब नए इरादों और दूरगामी सोच के साथ आगे बढ़ रही है। विदेश मंत्रालय ने इस दौरे को संबंधों के सामान्य होने की दिशा में एक ‘अहम मोड़’ करार दिया है।