मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को विदिशा जिले के शमशाबाद में आयोजित कृषक हितग्राही सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने जिले के समग्र विकास के लिए 163 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने विदिशा में प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगर प्रिंट लैब का भी उद्घाटन किया, जो अपराध अनुसंधान की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘हर खेत को पानी’ पहुंचाने के संकल्प पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 2 वर्षों में प्रदेश में सिंचाई का रकबा 10 लाख हेक्टेयर बढ़ा है और अब कुल 55 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि यदि भविष्य में प्रस्ताव मिलता है, तो शमशाबाद का नाम बदलकर ‘सूर्य नगर’ करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही, शमशाबाद नगर परिषद को विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये और एक नवीन विद्युत सब-स्टेशन की सौगात भी दी गई।