भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में खाड़ी देशों की विषम परिस्थितियों के मद्देनजर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि मध्यप्रदेश में खाद्य पदार्थ, गैस और तेल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सरकार के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की कमी को लेकर पैनिक न हों।
मुख्यमंत्री ने आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन सदस्यीय मंत्रियों और अधिकारियों की एक विशेष समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति प्रदेश में रसद (Logistics) की निरंतरता सुनिश्चित करेगी। डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार केंद्र के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है। बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करें ताकि अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों का असर स्थानीय आपूर्ति पर न पड़े।