नई दिल्ली: इजरायल-ईरान तनाव और अमेरिका की संलिप्तता के बाद उपजे वैश्विक संकट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का रुख स्पष्ट किया है। पीएम मोदी ने कहा कि इस युद्ध के कारण जो वैश्विक अस्थिरता पैदा हुई है, उससे निपटने के लिए भारत सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पिछले कुछ दिनों में कई देशों के शीर्ष नेताओं से बातचीत की है।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस संकट से कोई भी देश पूरी तरह अछूता नहीं है, लेकिन भारत सप्लाई चेन में आई रुकावटों को दूर करने के लिए निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत’ के महत्व को रेखांकित किया और कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता ही ऐसे संकटों का स्थायी समाधान है।