पश्चिम बंगाल के कूच विहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के बाद पार्टी के ‘पापों’ का पूरा हिसाब किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की कि मतदान के दिन किसी भी तरह के डर या दबाव में आए बिना कानून पर भरोसा रखें।
उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद कानून सख्ती से काम करेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की जीत से राज्य में विश्वास का माहौल बनेगा और भय का अंत होगा।
टीएमसी सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसके अन्याय और भ्रष्टाचार की सूची बहुत लंबी है। उन्होंने ‘उत्तर कन्या’ परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि विकास के नाम पर शुरू की गई इस योजना में भी धन का सही उपयोग नहीं हुआ।
पीएम मोदी ने कहा कि जनता के सामने दो विकल्प हैं—एक तरफ टीएमसी का भय, भ्रष्टाचार और ‘कट मनी’ है, जबकि दूसरी ओर भाजपा का विकास और विश्वास है। उन्होंने घुसपैठ और विदेशियों को बसाने के मुद्दे पर भी चिंता जताई और कहा कि भाजपा इन समस्याओं को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी टीएमसी पर हमला बोला और संदेशखाली जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता का पैसा वर्षों से लूटा गया है और हर भ्रष्ट व्यक्ति को यह पैसा लौटाना पड़ेगा। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 3 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का कानून बनाया गया है, जिसे लागू करने की दिशा में काम हो रहा है। इसके लिए अप्रैल में संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जनसंख्या नियंत्रण में आगे रहने वाले राज्यों को भविष्य में सीटों के बंटवारे में कोई नुकसान नहीं होगा।