मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र सरकार द्वारा फॉस्फेट और पोटेशियम (P&K) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (NBS) को मंजूरी देने के निर्णय का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री ने इस किसान-हितैषी कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खरीफ सीजन-2026 में यह योजना अन्नदाताओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने इस उद्देश्य के लिए 41,533.81 करोड़ रुपये के बजट को स्वीकृति दी है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 4,317 करोड़ रुपये अधिक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वैश्विक स्तर पर उर्वरकों की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद केंद्र सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि किसानों पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े और उन्हें किफायती दरों पर खाद उपलब्ध हो। मध्य प्रदेश में ‘वर्ष 2026’ को ‘कृषि और कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है, ऐसे में यह निर्णय राज्य के उत्पादन और किसानों की आय को सुदृढ़ करने में सहायक होगा।