छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विभागीय सेटअप को रिवाइज करने की मांग करेगा। संघ का प्रांतीय अधिवेशन शनिवार को रायपुर में आयोजित किया गया। अधिवेशन में जनसंपर्क विभाग को साधन सम्पन्न बनाने, अधिकारियों-कर्मचारियों के हितों से संबंधित अनेक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए हैं।
यहां बैठक में जनसंपर्क विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के कार्य दायित्व को परिभाषित करने के लिए विभागीय मैनुअल तैयार करने के लिए ड्राफ्टिंग कमेटी बनाने का भी निर्णय हुआ। कार्यालय के सुचारू संचालन के लिए जनसंपर्क अधिकारियों के वित्तीय अधिकारों को बढ़ाने, समयबद्ध पदोन्नति और रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष बालमुकुन्द तम्बोली ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में जनसंपर्क का दायरा दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। जनसंपर्क विभाग को प्रिन्ट मीडिया के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया को भी शासन की गतिविधियां की जानकारी देनी होती है। इन सब परिस्थितियों में वर्तमान सेटअप अपर्याप्त है। उन्होंने कहा कि लगभग 22 वर्ष पहले केवल प्रिन्ट मीडिया को ही खबरें जनसंपर्क द्वारा उपलब्ध कराई जाती थी, आज की बदली हुई परिस्थितियों में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया में भी त्वरित रूप से शासन की खबरें प्रसारित की जाती हैं। जनसंपर्क विभाग का वर्तमान सेटअप विभाग के लगातार बढ़ते दायित्व के कारण अपर्याप्त लग रहा है। ऐसी स्थिति में मीडिया के सभी आयामों में शासकीय योजनाओं, फैसलों एवं गतिविधियों के त्वरित रूप से प्रचार-प्रसार करने के लिए विभाग के सेटअप को तत्काल रिवाइज किया जाना आवश्यक है।
जनसंपर्क विभाग की सहयोगी संस्था छत्तीसगढ़ संवाद में प्रतिनियुक्ति के पदों पर जनसंपर्क अधिकारियों की ही नियुक्ति करने के संबंध में भी चर्चा अधिवेशन में की गई। अधिवेशन में राज्य सेवा और राज्य वित्त सेवा के समान ही राज्य सूचना सेवा के गठन के संबंध में भी शासन से मांग करने का प्रस्ताव पारित किया गया। जनसंपर्क अधिकारियों ने चर्चा के दौरान इस संबंध में विचार व्यक्त किए और कहा कि सभी विभागों में जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ किया जाए, इससे प्रचार-प्रसार के कार्याें में बेहतर समन्वय बनेगा और प्रचार-प्रसार के कार्याें में तेजी आएगी।
इसके अलावा वर्तमान समय में सूचना प्रौद्योगिकी के बढ़ते महत्व और जनसंपर्क अधिकारियों के कार्य दायित्व एवं प्रकृति को देखते हुए सभी जनसंपर्क अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता के लैपटॉप एवं मोबाइल सेट उपलब्ध कराने के संबंध में शासन से मांग किए जाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
अधिवेशन में छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ के संरक्षकजे.एल. दरियो, उमेश मिश्रा, प्रधान संयोजक संजीव तिवारी, संयोजक श्रीमती हर्षा पौराणिक, महासचिव आलोक देव, सचिव राजेश श्रीवास, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीकांत कोसरिया सहित जनसंपर्क संचालनालय तथा जिला जनसंपर्क कार्यालयों में पदस्थ जनसंपर्क र्क अधिकारी उपस्थित थे।