बिलासपुर संभाग में बनेंगी 129 नई सड़कें:बजट में 600 किलोमीटर की रोड की स्वीकृति

बिलासपुर संभाग में बनेंगी 129 नई सड़कें:बजट में 600 किलोमीटर की रोड की स्वीकृति

बिलासपुर संभाग में राज्य शासन ने 2022-23 के बजट में 129 नई सड़क की स्वीकृति दी है। इससे 600 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। सोमवार को कमिश्नर संजय अलंग ने समीक्षा बैठक में पीडब्ल्यूडी के अफसरों को बारिश से पहले सड़कों की मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर डॉ. संजय अलंग ने सड़कों के निर्माण तथा रख-रखाव की प्रगति की जानकारी लेने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डॉ. अलंग ने सड़कों के निर्माण तथा रख-रखाव की स्थिति के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए संभाग के सभी जिलों में बारिश से पहले सड़कों का मरम्मत का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य अभियंता पीएन साय ने बताया कि संभाग के विभिन्न जिलों में 4 हजार किलोमीटर से अधिक लंबाई की सड़कों का मरम्मत की जा चुकी है और अन्य सड़कों की मरम्मत का कार्य चल रहा है।

कमिश्नर डॉ. अलंग ने मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की। इस दौरान मुख्य अभियंता साय ने बताया कि मुख्यमंत्री सुगम सड़क योजना के अंतर्गत संभाग के विभिन्न जिलों में 813 सड़कें स्वीकृत की गई थी। जिसमें से 319 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष सड़कों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। डॉ. अलंग ने धरसा योजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की भी जानकारी ली। इस पर मुख्य अभियंता बताया कि धरसा योजना के अंतर्गत बिलासपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, कोरबा, पेंड्रा और रायगढ़ में 45 सड़कें प्रस्तावित की गई है। उन्होंने बताया कि धरसा योजना के तहत गांव के खेत-खलिहान तक पहुंचने के लिए धरसा के कच्चे रास्तों को पक्का किया जा रहा है।

बैठक में पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने बताया कि वर्ष 2022-23 के बजट में संभाग के विभिन्न जिलों के लिए करीब 600 किलोमीटर लंबाई की 129 नई सड़कों को शामिल किया गया है। बजट में स्वीकृति और प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी। डॉ. अलंग ने कहा कि सड़कें ग्रामीण भारत के विकास का आधार हैं। ऐसे में कार्य योजना बनाकर समय-सीमा में इनका निर्माण कार्य एवं रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उपायुक्त अर्चना मिश्रा, अखिलेश साहू, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एन.साय, अधीक्षण अभियंता केपी संत सहित संभाग के सभी जिलों के कार्यपालन अभियंता एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *