उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों के तहत मंगलवार को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित कर दिया गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने जानकारी दी कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के अंतर्गत तैयार इस ड्राफ्ट सूची में कुल 13,58,68,905 मतदाताओं के नाम शामिल हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद 10 अप्रैल 2026 को जारी अंतिम सूची के मुकाबले इस बार कुल 18,84,113 नए मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
लोक भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में रिणवा ने मतदाताओं का श्रेणीवार विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि कुल 13.58 करोड़ से अधिक मतदाताओं में 7,38,58,510 पुरुष, 6,20,06,353 महिलाएं और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। अप्रैल की सूची की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या में 10,96,828 और पुरुष मतदाताओं में 7,87,449 की बढ़ोतरी हुई है, जबकि तृतीय लिंग के मतदाताओं में 164 की कमी आई है। इसके परिणामस्वरूप प्रति 1,000 पुरुषों पर महिला मतदाताओं का अनुपात 834 से बढ़कर 840 और मतदाता-जनसंख्या अनुपात 55.17 प्रतिशत से बढ़कर 55.95 प्रतिशत हो गया है। हालांकि, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या अप्रैल के 17,63,360 से घटकर 11,83,352 रह गई है, जो 5,80,008 नामों का अंतर दर्शाती है।
पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी स्पष्ट करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस अवधि में पात्र नागरिक सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन या मोबाइल नंबर जुड़वाने के लिए फॉर्म-8 भर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। इसके अतिरिक्त, 21, 22, 28 और 29 नवंबर को राज्य के सभी 1,73,730 मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपलब्ध रहेंगे और आवेदक रंगीन पासपोर्ट फोटो, जन्मतिथि व निवास प्रमाण पत्र या आधार कार्ड के साथ आवेदन कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस पुनरीक्षण के लिए 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि निर्धारित किया गया है, ताकि इस तिथि तक 18 वर्ष के होने वाले युवाओं को जोड़ा जा सके और मृत, स्थानांतरित व दोहरे नामों को हटाया जा सके। जुलाई 2020 में राष्ट्रीय जनसंख्या आयोग द्वारा प्रकाशित 2026 के जनसंख्या अनुमानों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के अनुमानित 16.16 करोड़ नागरिक हैं, जिससे मसौदा सूची में लगभग 2.58 करोड़ संभावित मतदाताओं का अंतर दिखता है। अनुमानित 7.84 करोड़ पात्र महिलाओं के मुकाबले 6.20 करोड़ और 8.32 करोड़ पुरुषों के मुकाबले 7.38 करोड़ नाम दर्ज हैं। इसी तरह 18 से 19 वर्ष के अनुमानित 84.47 लाख युवाओं में से केवल 11.83 लाख ही सूची में शामिल हैं।
नागरिकों से अपील करते हुए रिणवा ने कहा कि वे आधिकारिक वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in के ‘Voter Services’ खंड में जाकर EPIC नंबर, पंजीकृत मोबाइल नंबर या व्यक्तिगत जानकारी से अपना और अपने परिवार का नाम अवश्य जांचें। उन्होंने आगाह किया कि केवल मतदाता पहचान पत्र होना सूची में नाम दर्ज होने की गारंटी नहीं है। पोर्टल पर संबंधित BLO और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी त्रुटि की स्थिति में मतदाता सीधे संपर्क कर सकें। उन्होंने मीडिया से भी इस ऑनलाइन सत्यापन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार करने का अनुरोध किया।