केरल में कोरोना के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। राज्य में एक दिन में आईसीयू में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में 15% का इजाफा हुआ। वहीं, ऐसे मरीज 20% बढ़े हैं, जिन्हें ऑक्सीजन बेड्स की जरूरत है। केरल में मंगलवार को 28,481 केस सामने आए और 39 लोगों की मौत हो गई। अब तक कुल 54.30 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, तीसरी लहर सीनियर सीटिजन और उन लोगों को ज्यादा प्रभावित कर सकती है, जिन्हें गंभीर बीमारियां हैं। पहली और दूसरी लहर में हमने इन्हें बचा लिया था लेकिन इस बार हालात खराब हो सकते हैं।
देश में कोरोना पर एक नजर
कुल संक्रमित : 3,79,01,258
कुल रिकवरी: 3,55,73,358
कुल मौतें: 48,72,02
कर्नाटक:
यहां मंगलवार को 41,457 लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 8,353 लोग ठीक हुए और 20 लोगों की मौत हो गई। कुल 32.88 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 29.99 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,465 लोगों की मौत हो गई। एक्टिव केस की संख्या 2,50,381 है। पॉजिटिविटी रेट 12.46% से बढ़कर 22.30% हो गया है। इससे पहले सोमवार को 27,156 लोग संक्रमित पाए गए थे, यानी केस एक दिन में 52.66% बढ़ गए हैं।
महाराष्ट्र:
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 39,207 नए केस सामने आए हैं, जो सोमवार के मुकाबले 8,096 ज्यादा हैं। सोमवार को राज्य में 31,111 मामले सामने आए थे, यानी एक दिन में 26% केस बढ़े हैं। वहीं मंगलवार को 38,824 मरीज ठीक हुए और 53 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब कुल एक्टिव केस 2,67,659 हो गए हैं। मुंबई की बात करें तो कोविड के 6,149 नए मामले सामने आए हैं और 7 मरीजों की मौत हुई है।
केरल:
राज्य में मंगलवार को 28,481 केस सामने आए हैं, जबकि 7,303 मरीज ठीक हुए और 39 लोगों की मौत हो गई। अब तक कुल 54.30 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 52.36 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 51,026 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस की संख्या 1,42,512 है। पॉजिटिविटी रेट 35.27% हो गया है। इससे एक दिन पहले सोमवार को 22,946 लोग संक्रमित पाए गए थे और 18 की मौत हुई थी।
तमिलनाडु:
24 घंटे के दौरान यहां 23,888 मामले सामने आए हैं। 15,036 मरीज इस बीमारी से ठीक हुए और 29 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में कुल 29.87 लाख लोग संकमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 27.89 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 37,038 मरीजों की मौत हो गई। यहां कुल एक्टिव केस 1,61,171 है और पॉजिटिविटी रेट 16.87%। इससे एक दिन पहले सोमवार को 23,443 लोग संक्रमित पाए गए थे और 20 की मौत हुई थी।
गुजरात:
राज्य में मंगलवार को 17,119 नए मामले सामने आए, जबकि 7,883 मरीज ठीक हुए और 10 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 9.56 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8.66 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,174 लोगों की मौत हो गई। यहां कुल एक्टिव केस 79,600 हैं। पॉजिटिविटी रेट 13.11% है। राज्य में सोमवार को 12,753 नए मामले सामने आए थे और 5 लोगों की मौत हुई थी।
दिल्ली
दिल्ली में लगातार 5वें दिन डेली केस में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 11,684 नए कोविड मामले सामने आए और 38 मौतें दर्ज की गई। पॉजिटिविटी रेट 22.47% रही। राजधानी में एक्टिव केस 78,112 रह गए हैं। दिल्ली में 13 जनवरी के बाद से लगातार मामले घट रहे हैं। राजधानी में 13 जनवरी को 28,867 और 14 जनवरी को 24,343 नए मामले मिले। 15 जनवरी को 20,718, 16 जनवरी को 18,286 मामले और 17 जनवरी को 12,527 मामले दर्ज किए गए थे।
उत्तर प्रदेश
राज्य में बीते 24 घंटे में 14,803 लोग संक्रमित पाए गए। सबसे ज्यादा 2,173 नए रोगी लखनऊ में मिले हैं। राज्य में 20,191 लोग ठीक हुए और 12 मौत दर्ज की गई। अब तक राज्य में 18.64 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 17.40 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,984 लोगों की मौत हो गई। राज्य में 1,01,114 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.11% है।
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में मंगलवार को 10,430 नए केस मिले हैं। इस दौरान 13,308 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 34 लोगों की मौत हो गई है। यहां पॉजिटिविटी रेट 19.38% है। राज्य में अब तक कुल 19.17 लाख केस मिले हैं, जबकि 17.41 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। कुल 20,155 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 1,55,711 हैं।
राजस्थान
यहां मंगलवार को 9,711 संक्रमित पाए गए, जबकि 7,056 लोग ठीक हुए और 9 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 10.56 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 9.78 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9,019 लोगों की मौत हो गई। यहां एक्टिव केस 69,388 हैं। पॉजिटिविटी रेट 12.05% है।
हरियाणा
राज्य में बीते 24 घंटों को 8,388 लोग संक्रमित पाए गए और 5,917 लोग ठीक हुए। यहां 8 लोगों की मौत हुई है। अब तक राज्य में 8.64 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,124 लोगों की मौत हो गई। कुल 57,277 का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 21.30% है।
मध्य प्रदेश
यहां 24 घंटे में 7,154 नए केस सामने आए और 2,675 लोग ठीक हुए। इस दौरान 2 मरीजों की मौत हुई है। अब तक राज्य में 8.45 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.95 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,547 लोगों की मौत हो गई। 39,450 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 9.72% है।
मध्यप्रदेश में कोरोना से 24 घंटे में 5 मौतें हुई है। इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में 3 मौतें रिपोर्ट हुईं। 7597 नए केस आए हैं। एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 43,973 हो गई है। पॉजिटिविटी रेट 9.81% पहुंच गई है। उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया कोरोना संक्रमित हो गए हैं।
पंजाब
पंजाब में बीते दिन 6,641 संक्रमित मिले हैं और 26 ने दम तोड़ दिया। सबसे ज्यादा सात संक्रमितों की पटियाला में मौत हुई है। अब तक राज्य में 6.76 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6.61 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,817 लोगों की मौत हो गई। एक्टिव केस 43,977 है। पॉजिटिविटी रेट 21.51% है।
राज्य में 47 मरीज वेंटिलेटर पर जा चुके हैं। राज्य के मोहाली जिले में हालात बेकाबू हो चुके हैं, जहां एक दिन में 1,196 मरीज मिले। वहीं 5 रोगियों ने दम तोड़ दिया। पटियाला में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं।
छत्तीसगढ़
यहां मंगलवार को 5,614 लोग संक्रमित पाए गए। राज्य में 5,796 मरीज ठीक हुए और 9 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 10.69 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10.24 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13,673 लोगों की मौत हो गई। कुल 31,769 का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 11.17% है।
16 जिले ऐसे हैं जहां 50 से अधिक मरीजों को छुट्टी दी गई है। अभी कुल बीमारों में 3% से कम लोगों को ही अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत पड़ी है। वहीं, 9 मरीजों की मौत ने डराया भी है।
बिहार
यहां मंगलवार को 4,551 लोग संक्रमित पाए गए। 3,786 लोग ठीक हुए और 4 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 7.95 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.49 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 12,145 लोगों की मौत हो गई। कुल 33,883 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। पॉजिटिविटी रेट 2.96% है।