कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आप प्रमुख और दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल को ‘छोटा मोदी’ कहकर उन पर तंज कसा है। सुरजेवाला गोवा में मीडिया से बोले कि केजरीवाल BJP को कवर फायर देने आए हैं। आप सरकार कहां है? अरविंद केजरीवाल और कुछ नहीं बल्कि छोटा मोदी है।
सुरजेवाला ने आगे कहा कि केजरीवाल का तौर-तरीका, संस्कृति, निरंकुशता, तानाशाही सबकुछ कहती है। केजरीवाल जिन लोगों- योगेंद्र यादव, कुमार विश्वास, प्रशांत भूषण की कसम खाते थे, वे अब उनके साथ क्यों नहीं हैं? क्या यह उनके ढोंगी होने का सुबूत नहीं है। सुरजेवाला ने BJP पर पंजाब में केजरीवाल की आम आदमी पार्टी की मदद करने का आरोप भी लगाया।
सुरजेवाला ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस सरकार और सबसे लंबे समय तक सीएम रहीं शीला दीक्षित को सत्ता से हटाने के लिए उन्होंने लोकपाल लाने का वादा किया था। वो लगातार दो कार्यकाल से सत्ता में हैं। अब लोकपाल कहां है? उन्होंने पारदर्शिता और ईमानदारी की शपथ ली थी, लेकिन वो कहां है?
मैं गोवावासियों को बताना चाहूंगा कि वो (केजरीवाल) धोखेबाज हैं और भाजपा की B टीम हैं। वे यहां केवल भाजपा के असिस्टेंट के तौर पर मौजूद हैं। सिर्फ कवर फायर देने के लिए। इसलिए हमें उन धोखेबाजों से सावधान रहने की जरूरत है, जो सफेद टोपी पहनते हैं, लेकिन अंदर से उनका रंग RSS वाला है। आम आदमी पार्टी ने गोवावासियों से जिन योजनाओं का वादा किया है, केजरीवाल को पहले उन्हें दिल्ली में लागू करना चाहिए।
सुरजेवाला ने पंजाब में ED के छापों पर भी कई ट्वीट किए हैं। इनमें से एक में केजरीवाल को निशाना बनाते हुए लिखा- पंजाब चुनाव से 15 दिन पहले मोदी सरकार की राजनीतिक नौटंकी फिर शुरू। BJP का Election Deptt यानी ED मैदान में उतरा। क्रॉनोलॉजी समझें- ये हमला CM चन्नी पर नहीं, पंजाब पर है, किसान आंदोलन का समर्थन करने की सजा है।
ये हमला है ताकि छोटे मोदी-केजरीवाल की पार्टी की चोर दरवाजे से मदद की जा सके। केजरीवाल ने कृषि के काले कानून का नोटिफिकेशन किया था, अब अहसान वापस! चुनाव को भटकाने का भाजपाई प्रयोग, छह साल पुराने केस में CM चन्नी पर और 33 साल पुराने मामले में सिद्धू पर हमले किए जा रहे हैं, केजरीवाल का साथ निभा रहे हैं।सुरजेवाला के छोटा मोदी वाले बयान पर अरविंद केजरीवाल भी चुप नहीं रहे। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें जो बोलना है बोलने दीजिए, मैं सुरजेवाला के सपनों में भूत की तरह आता हूं। 24 घंटे उनके दिमाग पर हावी रहता हूं। अगर कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए काम किया होता तो मुझ जैसे आदमी को राजनीति में नहीं आना पड़ता।