IPL में रविवार को पंजाब किंग्स (PBKS) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 54 रन से हरा दिया। पंजाब ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट खोकर 180 रन बनाए थे। लियाम लिविंगस्टोन (60) टॉप स्कोरर रहे। जबकि शिखर धवन (33) और जितेश शर्मा ने 26 रन बनाए। CSK की ओर से क्रिस जॉर्डन और ड्वेन प्रिटोरियस ने 2-2 विकेट लिए।
181 रन के टारगेट का पीछा कर रही CSK 126 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। धोनी ने 28 गेंदों पर 23 रन बनाए। पंजाब की ओर से राहुल चाहर ने 3 विकेट लिए। लियाम लिविंगस्टोन और वैभव अरोड़ के खाते में 2-2 विकेट आए।IPL के इतिहास में ये पहला मौका है, जब चेन्नई सुपर किंग्स लगातार शुरुआती 3 मैच हारी हो। टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक दो दिन पहले धोनी ने CSK की लीडरशिप छोड़ दी थी और रवींद्र जडेजा को टीम का नया कप्तान बनाया गया था। हालांकि जडेजा न तो कप्तानी में कुछ कमाल दिखा सके और न ही बतौर खिलाड़ी उनका जलवा देखने को मिला।
धोनी 8वें ओवर में बैटिंग करने के लिए आए थे और हालिया फॉर्म को देखते हुए फैंस को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वो नाकाम रहे। चेन्नई के पूर्व कप्तान ने 28 गेंदों पर केवल 23 रन बनाए। धोनी का विकेट राहुल चाहर के खाते में आया और विकेटकीपर भानुका राजपक्षे ने उनका कैच पकड़ा।वैभव अरोड़ के लिए उनका IPL डेब्यू कमाल का रहा। पंजाब किंग्स के युवा तेज गेंदबाज ने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उन्होंने रॉबिन उथप्पा और मोईन अली के विकेट लिए। ऑक्शन में पंजाब ने वैभव को 2 करोड़ रुपए में खरीदा था।पंजाब किंग्स ने पहले दो विकेट 14 रन के स्कोर पर गंवा दिए थे। इसके बाद तीसरे विकेट के लिए शिखर धवन और लियाम लिविंगस्टोन ने 52 गेंदों पर 95 रन जोड़े। इस जोड़ी को डीजे ब्रावो ने धवन को आउट कर तोड़ा। धवन ने 24 गेंदों पर 33 रन बनाए।मैच की पहली ही गेंद पर पंजाब के कप्तान मयंक अग्रवाल ने मुकेश चौधरी की गेंद पर फाइन लेग पर शानदार चौका लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। मयंक का कैच पॉइंट पर रॉबिन उथप्पा ने पकड़ा।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
PBKS: मयंक अग्रवाल (कप्तान), शिखर धवन, लियाम लिविंगस्टोन, भानुका राजपक्षे (विकेटकीपर), ओडियन स्मिथ, शाहरुख खान, वैभव अरोड़ा, जितेश शर्मा, कगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह, राहुल चाहर।
CSK: ऋतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा, मोईन अली, अंबाती रायडू, एमएस धोनी (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा (कप्तान), शिवम दुबे, ड्वेन ब्रावो, ड्वेन प्रिटोरियस, मुकेश चौधरी, क्रिस जॉर्डन।