छत्तीसगढ़ सरकार अपने धान खरीदी के लक्ष्य के काफी करीब पहुंच गई है। सरकार ने एक करोड़ दस लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है और अब तक 97 लाख टन धान खरीद चुकी है। जबकि 31 जनवरी तक होने वाली खरीदी में एक करोड़ दस लाख टन का लक्ष्य रखा गया है। अब तक प्रदेश के 22 लाख से ज्यादा किसान अपना धान बेच चुके हैं और 19 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का भुगतान उन्हें किया जा चुका है। सहकारी समितियों के माध्यम से राज्य सरकार ने 1 नवंबर 2022 से धान खरीदी की शुरूआत की है।
पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव जारी है। अब तक 82 लाख टन से अधिक धान के उठाव के लिए डीओ जारी किया गया है, और 71 लाख टन धान का उठाव किया जा चुका है। अफसरों के मुताबिक 13 जनवरी को 34 हजार 480 किसानों से 1.43 लाख टन धान की खरीदी की गई है। इसके अलावा ऑनलाइन प्राप्त टोकन के जरिए किसानों से 9 हजार टन धान की भी खरीदी हुई है।