भोपाल: मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड से मिली कुछ दिनों की राहत अब खत्म होती नजर आ रही है। प्रदेश में एक बार फिर कंपकंपाने वाली सर्दी का दौर शुरू हो गया है। ठंडी हवाओं के प्रभाव से राज्य के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। शनिवार रात को उमरिया जिला सबसे ठंडा रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही शहडोल और कटनी में शीतलहर का प्रभाव देखा गया, जबकि राजधानी भोपाल और ग्वालियर के बाहरी इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। इसके विपरीत, उज्जैन में दिन का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले रविवार और सोमवार को रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं ग्वालियर, चंबल और सागर संभागों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 19 और 21 जनवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से मौसम में और बदलाव की उम्मीद है।