केंद्र सरकार ने गुरुवार को जानकारी दी कि पिछले पांच दिनों में देश के 110 भौगोलिक क्षेत्रों (जीए) में 55,000 से अधिक पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शनों में गैस आपूर्ति शुरू की गई है। इसके साथ ही 23 मार्च से अब तक 4.3 लाख से अधिक 5 किलोग्राम एफटीएल सिलेंडर बेचे जा चुके हैं।
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, एलपीजी से पीएनजी में संक्रमण को सुगम बनाने के लिए संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को वाणिज्यिक एलपीजी का अतिरिक्त 10 प्रतिशत आवंटन दिया गया है। फिलहाल आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को यह अतिरिक्त आवंटन मिल रहा है, जबकि तीन अन्य राज्यों के आवेदन विचाराधीन हैं।
मंत्रालय ने यह भी बताया कि देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और कच्चे तेल, पेट्रोल तथा डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। घरेलू मांग को पूरा करने के लिए एलपीजी उत्पादन में भी वृद्धि की गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल के खुदरा मूल्य स्थिर हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) पेट्रोल पर प्रति लीटर 24.40 रुपए और डीजल पर 104.99 रुपए कम वसूल रही हैं।
इसके अलावा, घरेलू पीएनजी और सीएनजी (परिवहन) को प्राथमिकता देते हुए 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को उनकी औसत खपत के लगभग 80 प्रतिशत तक आपूर्ति दी जा रही है।